ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन बुधवार को दो दिवसीय आध्यात्मिक दौरे पर तीर्थनगरी स्थित परमार्थ निकेतन आश्रम पहुंचीं। पूजा अर्चना के बाद उन्होंने आश्रमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती मुनि से सामाजिक और पर्यावरण के मुद्दों पर चर्चा की और आश्रम की सांध्यकालीन गंगा आरती में शिरकत की।
लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन बुधवार को दोपहर करीब एक बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से स्वर्गाश्रम स्थित परमार्थ निकेतन आश्रम पहुंचीं। इस दौरान आश्रमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि की अगुवाई में ऋषिकुमारों ने वैदिक मंत्रोच्चार व पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इसके बाद महाजन ने स्वामी चिदानंद मुनि के साथ पूजा-अर्चना की और देश में सामाजिक बदलाव व पर्यावरण संरक्षण के मसले पर चर्चा की। बातचीत के दौरान महाजन ने कहा कि मन के सुकून के लिए वह आध्यात्मिक दौरे पर परमार्थ निकेतन आश्रम आई हैं। वह पहले भी तीर्थनगरी में अपने पति के साथ आती रही हैं। महाजन ने कहा कि धर्म और राजनीति को एक-दूसरे का पूरक हैं। अध्यात्म और राजनीति साथ-साथ चलते हैं। इसके बाद उन्होंने देर शाम आश्रम घाट पर सांध्यकालीन गंगा आरती व भजन-कीर्तन में शिरकत की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, विधानसभा सचिव जगदीश चंद्र, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अनीता ममगाईं, आश्रम प्रबंधक राम अनंत तिवारी, आरके दीक्षित आदि मौजूद थे। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन बृहस्पतिवार को गंगाघाट पर आयोजित प्रख्यात संत गोविंद देव गिरि महाराज की श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण करेंगी। इसके बाद वे हरिद्वार के लिए रवाना होंगी।