ब्यूरो/अमर उजाला/त्यूनी/कालसी।
वन विभाग ने देवघार रेंज के संगरेड़ कपार्टमेंट में ओएफसी डालने के लिए जेसीबी की सहायता से चल रहे निर्माण कार्य को बंद करा दिया। मामले में डीएफओ दीप चंद आर्य ने संबंधित रेंजाधिकारी को जेसीबी को सीज करने के निर्देश दिए हैं।
मालूम हो कि वन क्षेत्र रिजर्व फॉरेस्ट अंतर्गत आता है, जहां पर किसी भी कार्य से पूर्व विभागीय अनुमति अनिवार्य है। लेकिन ओएफसी डालने के लिए संबंधित मोबाइल कंपनी बिना किसी अनुमति के वन क्षेत्र में जेसीबी की सहायता से सड़क किनारे गड्ढे खुदवा रही थी। कंपनी करीब 25 किमी के दायरे में ओएफसी बिछाने के लिए गड्ढे खुदवा चुकी थी। खबर को अमर उजाला ने बिना अनुमति रिजर्व फॉरेस्ट में खोदे जा रहे हैं गड्ढें शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद हरकत में आए वन विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को मौके पर पहुंच निर्माण कार्य को बंद करवा दिया। अधिकारियों ने गड्ढें खोदने के लिए इस्तेमाल की गई जेसीबी की तलाश शुरू कर दी है। वन क्षेत्राधिकारी सोनिया ने बताया कि आरक्षित वन क्षेत्र में बिना अनुमति कोई कार्य नहीं किया जा सकता।