ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कॉलेज कोटि अठूरवाला को बेहतर शिक्षा के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया। विद्यालय के मेधावी छात्र भी मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित होकर खुश हुए। देहरादून में राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित समारोह में सत्र 2016-17 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सरकारी और गैर सरकारी में हाईस्कूल स्तर पर 52 और इंटर के 50 विद्यालयों को सम्मानित किया गया है।
इस दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मान मिला है। डोईवाला ब्लॉक के कोटि अठूरवाला के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ने भी सूची में स्थान प्राप्त किया है। कॉलेज के प्रधानाचार्य शशिमोहन उनियाल ने विद्यालय की ओर से सम्मान लिया। समारोह में प्रदेश में इंटर बोर्ड की वरीयता सूची में चौथा स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा आयुषी पेटवाला को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। विद्यालय को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न मिला है। आयुषी को प्रशस्ति पत्र के अलावा 5100 रुपये की धनराशि मिली है। विद्यालय प्रबंधक दिंगबर कुमार थपलियाल, पूर्व छात्र परिषद अध्यक्ष रविंद्र बैलवाल, संपूर्णानंद थपलियाल, विजयलक्ष्मी राणा, जगत सिंह असवाल, कैप्टर शूरवीर सिंह रावत आदि ने खुशी व्यक्त करते हुए मिष्ठान वितरण किया है।