देवप्रयाग। नगर पालिका क्षेत्र में पॉलिथिन व थर्माकोल के प्रयोग और गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध प्रशासन की टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। बस अड्डे स्थित रेस्टोरेंट में गंदगी मिलने पर एसडीएम नूपुर वर्मा ने संचालक पर पांच हजार का जुर्माना लगाया। वहीं, सब्जी व चाय की दुकानों में पॉलिथिन, प्लास्टिक व थर्माकोल की सामग्री मिलने पर डेढ़ हजार रुपये अर्थदंड लगाया गया। एसडीएम की अगुवाई में गठित टीम में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी बीएस बिष्ट व एसआई हाकम सिंह तोमर समेत पुलिस, प्रशासन व नगर पालिका के कर्मचारी शामिल थे। अधिशासी अधिकारी बिष्ट ने बताया कि पॉलीथिन का प्रयोग रोकने के लिए नगर पालिका क्षेत्र के प्रत्येक परिवार को अगले हफ्ते जूट के बैग निशुल्क दिए जाएंगे।