कर्णप्रयाग। लंगासू में आयोजित क्षेत्रीय दशमद्वार विकास मंच की बैठक में तल्ला दशोली के 22 से अधिक ग्राम पंचायतों की समस्याएं हल नहीं होने पर नाराजगी जताई गई। कहा गया कि लगातार शासन-प्रशासन से पत्राचार करने के बावजूद समस्याओं पर कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। मंच ने क्षेत्र में स्वास्थ्य और सड़क सुविधा की जल्द व्यवस्था नहीं होने पर संघर्ष का एलान किया।
मंच के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद पंत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कहा गया कि तल्ला दशोली के सोनला न्याय पंचायत के तहत लंगासू-उत्तरों-चमाली-स्वर्का, खेत-निवाड़ी-सिलंगी, कांचुला-डोंठला, जयकंडी-सिरतोली, बणसोली-धल-सिलंगी सहित कई सड़कें सालों से लंबित पड़ी हैं। ऐसे में लोगों को 3 से 7 किमी की पैदल दूरी नापनी पड़ रही है। यही नहीं लंगासू में संचालित नागपुर और तल्ला दशोली के 70 से अधिक गांवों के अस्पताल तक पहुंचने का रास्ता दो साल से क्षतिग्रस्त पड़ा है। सिलंगी में स्वास्थ्य केंद्र खोले जाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन इस ओर कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। यही नहीं जंगली जानवर खेती बर्बाद कर रहे हैं। निर्णय लिया गया कि जल्द ही मंच का एक प्रतिनिधिमंडल डीएम से मुलाकात करेगा। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। बैठक में संचालक मंडल के बल्लभ प्रसाद डिमरी, नारायण सिंह, टीका प्रसाद मैखुरी, गंगाधर प्रसाद, आरपी मैखुरी, महामंत्री धीरेंद्र सिंह, जितेंद्र कुमार, रामदयाल, सुनील पंत, सुरेंद्र खत्री, कोषाध्यक्ष ताजवर सिंह नेगी और योगेंद्र सिंह कंडारी आदि मौजूद थे।