कीर्तिनगर। राजकीय प्राथमिक विद्यालय मलेथा में छात्र संख्या बढ़ाए जाने के लिए गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं की ओर से अनेक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। गोष्ठी में मौजूद शिक्षा विभाग के अधिकारियों व शिक्षकों ने सरकारी विद्यालयों में दी जाने वाली गुणात्मक शिक्षा व सरकारी योजनाओं से भी अभिभावकों को अवगत करवाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए सीमेट के अध्यक्ष वीके ढौंडियाल ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में बच्चों को गुणात्मक शिक्षा के साथ ही उनका चहुंमुखी विकास किया जाता है। ढौंडियाल ने सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत छात्रों को सरकार की ओर से दी जाने वाली योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। राप्रावि की प्रधानाध्यापिका डा. लक्ष्मी खनसीली ने बताया कि अब तक कक्षा एक में आठ व कक्षा-2 में एक नया प्रवेश हुआ है, जबकि जीआईसी की प्रधानाचार्य शोभा बिष्ट ने कहा कि नवप्रवेश के तहत चार छात्रों ने प्रवेश लिया है। इस मौके पर छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों के साथ ही विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी डा. एसएस नेगी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक व ग्रामीण मौजूद थे।