कर्णप्रयाग। नवनियुक्त एसडीएम जीआर बिनवान ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और नगर पालिका कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में खराब पड़े बायोमीट्रिक सिस्टम को ठीक करने के निर्देश दिए। साथ ही रोगियों को अस्पताल में जेनेरिक दवा उपलब्ध कराने के लिए कहा। अधिकारियों और कर्मियों को अस्पताल में सफाई व्यवस्था बनाने के लिए कहा।
एसडीएम ने नगर पालिका कार्यालय का जायजा भी लिया। उन्होंने पालिका प्रशासन से नगर में हो रहे अतिक्रमण की सूची के साथ ही कूड़ा निस्तारण केंद्रों की जानकारी मांगी। साथ ही सीएचसी परिसर से कूड़ा उठाने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान तहसीलदार विपिन चंद्र पंत, चिकित्साधीक्षक डा. राजीव शर्मा और नगर पालिका के ईओ आरएस राणा आदि मौजूद थे।