जोशीमठ। नगर पालिका परिषद में स्वच्छ भारत अभियान के तहत हुई नियुक्तियों के मामले में उप जिलाधिकारी ने जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। एसडीएम ने नियुक्तियों में शासकीय नियमों के उल्लंघन की बात मानी है।
नगर पालिका जोशीमठ में वर्ष 2015 के अक्तूबर माह में स्वच्छ भारत अभियान के तहत चालक, लाइनमैन और हेल्पर की संविदा पर नियुक्ति की गई थी लेकिन पालिका प्रशासन की ओर नियुक्तियों के लिए शासन से अनुमति नहीं ली गई। यहां पालिका बोर्ड की ओर से प्रस्ताव पारित कर नियुक्तियां कर दी गईं। स्थानीय लोगों कि शिकायत पर एसडीएम योगेंद्र कुमार ने मामले की जांच कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी। एसडीएम का कहना है कि नगर पालिका में की गई नियुक्तियों में शासकीय नियमों की अनदेखी हुई है। इसकी रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई है। साथ ही पालिका में वित्तीय अनियमितताओं को लेकर भी जांच की जा रही है। इधर, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सत्य प्रकाश नौटियाल का कहना है कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत बोर्ड प्रस्ताव के आधार पर नियुक्तियां की गई हैं। व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए पालिका नियमावली में प्रावधान है।