ब्यूरो/अमर उजाला/कालसी।
अवैध खनन की शिकायत पर उपजिलाधिकारी बीके तिवारी ने बुधवार को बोसान गांव में बरसाती खाले और यमुना नदी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें नदी में बड़े पैमाने पर अवैध खनन के लिए खोदे गए गड्ढे मिले। इस पर एसडीएम ने कालसी थाना पुलिस को अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गांव निवासी जगमोहन सिंह चौहान ने यमुना नदी और बरसाती खाले में बड़े पैमाने पर अवैध खनन की शिकायत एसडीएम से की थी। इस पर एसडीएम ने बुधवार को नदी और खाले का निरीक्षण किया। टीम के आने की भनक लगते ही खनन माफिया भाग खड़ा हुआ। शिकायतकर्ता ने बताया कि रात के साथ ही दिन में भी अवैध खनन का खेल चलता रहता है। इस पर एसडीएम ने पुलिस को तहसील प्रशासन की सघन छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने टीम को गड्ढों को पाटने के भी निर्देश दिए। टीम में तहसीलदार कालसी एसपी उनियाल, राजस्व निरीक्षक मुन्ना सिंह चौहान, राजस्व उप निरीक्षक नाग चंद, मदन सिंह आदि शामिल रहे।