ब्यूरो/अमर उजाला/श्यामपुर।
बीसबीघा क्षेत्र के ग्रामीणों ने बुधवार को आईडीपीएल चौकी पहुंचकर चौकी प्रभारी को ज्ञापन सौंपा कर लोक निर्माण विभाग द्वारा खोदे गए गड्ढों से निजात दिलाने की मांग की है। इसके अलावा बाधित पेयजल सप्लाई दुरुस्त करने की मांग की है।
बीसबीघा क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना था कि सड़क निर्माण के लिए करीब सात फुट गहरा गड्ढा खोद गया है। इसके कारण कई लोगों के भवनों की नींव हिल गई है। गड्ढा खोदे जाने की वजह से पेयजल लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। क्षतिग्रस्त लाइन के लीकेज होने से गड्ढे में भर गया है। इससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और अन्य नागरिकों का मार्ग पर आवागमन मुश्किल हो गया है। इसके अलावा सड़क पर जगह-जगह खुदाई किए जाने से तीन बिजली के पोल झुक गए हैं। इसके अलावा क्षेत्र की जलापूर्ति भी बाधित है। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेश राईटर, ऋषिराम जोशी, केएन उनियाल, रामचंद, कमलदेव सेमल्टी, आरपी उनियाल, राजाराम कुकरेती आदि मौजूद थे।
केबल लगाने की मांग
श्यामपुर। श्यामपुर की ग्राम प्रधान शाकुंबरी बिष्ट ने ऊर्जा निगम से क्षेत्र में बिजली से सुरक्षा के मद्देनजर एबीसी (एरियर बंच केबल) लगाने की मांग की है। एसडीओ को सौंपे गए ज्ञापन में उन्होंने बताया कि जगह-जगह विद्युत तार लटत रहे हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। उन्होंने भल्लाफार्म, श्यामपुर, बैटरीफार्म, नंबरदार फार्म, भट्टा कॉलोनी आदि क्षेत्रों में एबीसी केबिल लगाने की मांग उठाई है।