श्रीनगर। कोतवाली श्रीनगर के अधीन बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग अब सीसीटीवी कैमरे की नजर में रहेगा। क्षेत्रीय विधायक डा. धन सिंह रावत की विधायक निधि से क्षेत्र में लगभग दो दर्जन कैमरे लगेंगे। इसके लिए पुलिस विभाग को 7 लाख रुपये भी मिल गए हैं।
श्रीनगर, श्रीकोट, भक्तियाना सहित अन्य क्षेत्रों में लंबे समय से गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की जाती रही है। कोतवाल एनएस बिष्ट ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे नगर पालिका क्षेत्र के व्यस्ततम स्थानों में लगाए जाएंगे। प्रथम चरण में नवनिर्मित महिला थाना परिसर, पौड़ी चुंगी, नगर पालिका तिराहा, बाजार चौकी, श्रीकोट पुलिस चौकी और कलियासौड़ पुलिस चौकी में कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों से शहर में आने-जाने वाले लोगों व वाहनों पर नजर रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि हाई रेजोल्यूशन के नाइटविजन कैमरे लगाए जाएंगे। ताकि किसी घटना के घटने पर संदिग्धों की पहचान करने में दिक्कत न हो। सीसीटीवी कैमरों की मदद से जाम या अन्य किसी घटना के घटने पर पुलिस को तत्काल जानकारी मिल सकेगी।