ब्यूरो/ ऋषिकेश। गढ़वाल महासभा के सहयोग से मायाकुंड स्थित निशुल्क शिक्षण संस्थान उड़ान स्कूल में गढ़वाली वीडियो गीत अलबम बसंती मिजाज्या व अंजू मयाली का लोकार्पण किया गया। बताया गया कि दोनों अलबम के माध्यम से युवाओं को पहाड़ी बोली भाषा से जोड़ने का प्रयास किया गया है। हिलांस फिल्म्स द्वारा तैयार की गई बसंती मिजाज्या और विराज म्यूजिक कंपनी के बैनर तले बनी अंजू मयाली गढ़वाली वीडियो गीत अलबम का मिस ग्लोबल ब्यूटी क्वीन 2017 प्रिया शाह व गढ़वाल महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राज नेगी ने विधिवत लोकार्पण किया।
अलबम के निर्देशक अमित शर्मा व निर्माता सरोज रावत ने बताया कि बसंती मिजाज्या गीत को पश्चिमी धुन पर आधारित लोकगीत की तरह तैयार किया गया है। गीतों को वीरेंद्र बिष्ट व अन्य साथियों ने गाया हैं। निर्देशक नरेश पाल ने बताया अंजू मयाली एक प्रेमगीत है, जिसकी शूटिंग शिवपुरी, मालदेवता व पौड़ी जिले में की गई है। गीत प्रदीप शाह ने गाए हैं। महासभा अध्यक्ष डॉ. नेगी ने मिस ग्लोबल प्रिया शाह को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। मौके पर उत्तम असवाल, आशुतोष डंगवाल, अनुज सेमवाल, विनोद जुगलाण, प्रीति रावत, दीपक शर्मा, गायक धूम सिंह रावत, जय कुड़ियाल, रमेश लिंगवाल, सतेंद्र चौहान आदि मौजूद थे।