ब्यूरो/ऋषिकेश। वित्तीय वर्ष के अंतिम माह में बिजली के बकाया बिल का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं से राजस्व वसूली को लेकर ऊर्जा निगम का शुक्रवार को भी अभियान जारी रहा। इस दौरान निगम ने 11 उपभोक्ताओं के कनेेेक्शन काटे, 14 लाख 58 हजार रुपए की राजस्व वसूली की। बिजली का अवशेष बकाया वसूली को लेकर ऋषिकेश, श्यामपुर व रायवाला उपखंडों के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में राजस्व वसूली को लेकर अभियान चलाया गया। विद्युत वितरण खंड ऋषिकेश के अधिशासी अभियंता डीपी सिंह ने बताया शुक्रवार को 97 लोगों पर कार्रवाई की गई। वसूली अभियान के तहत 11 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काटे गए। बताया कि अब तक बकाया भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं से 14 लाख, 58 हजार का राजस्व वसूला गया। विद्युत वितरण उपखंड श्यामपुर के एसडीओ महेंद्र सिंह ने बताया कि बकाया वसूली को लेकर अभियान और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बकाया नहीं देने वाले सरकारी विभागों पर भी कार्रवाई की जाएगी। छह मोबाइल टावर के काटे कनेक्शन
मुनिकीरेती विद्युत वितरण उपखंड ने बिजली का बकाया नहीं देने वाले मोबाइल टावर व आम उपभोक्ताओं से राजस्व वसूली को लेकर अभियान चलाया। उपखंड अधिकारी सौरभ चमोली ने बताया शुक्रवार को अभियान के तहत दो कंपनियों के छह मोबाइल टावर के बिजली के कनेक्शन काटे गए, जिनमें पांच बीएसएनएल व एक एयरटेल कंपनी का मोबाइल टावर शामिल हैं। बताया कि ढालवाला क्षेत्र में बीएसएनएल व एयरटेल के कनेक्शन काटे गए। इसके अलावा स्वर्गाश्रम, तपोवन, कौड़ियाला, चमेली में बीएसएनएल के मोबाइल टावर के विद्युत कनेक्शन काटे गए। एसडीओ के अनुसार बिजली के बकाया बिल का भुगतान नहीं करने पर छह उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। साथ ही सवा 11 लाख का राजस्व वसूला गया।