गोपेश्वर/चमोली। गंगा समग्र समिति की ओर से आयोजित गंगा समग्र जन जागरण यात्रा बुधवार को चमोली पहुंची। पाखी, टंगणी, पीपलकोटी में यात्रा का लोगों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं ने शाम छह बजे चमोली में अलकनंदा किनारे गंगा आरती की।
मंगलवार को यात्रा का पांडुकेश्वर से शुभारंभ हुआ था। यात्रा पांच प्रयागों से होते हुए हरिद्वार पहुंचेगी। यात्रा संयोजक मोहन सिंह गांववासी ने कहा कि गंगा की अविरलता, स्वच्छता और पवित्रता के लिए गंगा जन जागरण यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर यात्रा समन्वयक विक्रम सिंह, ब्लॉक संयोजक ऋषि प्रसाद सती आदि मौजूद थे। वहीं, नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत गोपेश्वर में पीजी कॉलेज गोपेश्वर की छात्राओं ने गंगा स्वच्छता जन जागरूकता रैली निकाली। कार्यक्रम स्वजल परियोजना की ओर से आयोजित किया गया। इस मौके पर स्वजल के परियोजना अधिकारी दुर्गा प्रसाद ने आम लोगों से गंगा स्वच्छता का आह्वान किया।
पर्यावरण संरक्षण के लिए सम्मानित किया
उत्तरकाशी। गंगा समग्र यात्रा बुधवार को मनेरी से चलकर उत्तरकाशी पहुंची। यहां हनुमान चौक एवं जोशियाड़ा झील में जन सभाओं को आयोजन कर लोगों को गंगा के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। उत्तरकाशी पहुंचे प्रदेश संयोजक डा. आदित्य गौतम तथा हरीश सेमवाल ने कहा कि गंगा के संरक्षण के लिए उसकी सहायक धाराओं को भी संरक्षित करने की जरूरत है। इस दौरान उन्होंने गंगा एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए वर्षों से कार्य कर रहे प्रताप पोखरियाल, गीत गैरोला, मीना श्रीवास्तव, चंद्रकला बिष्ट, बीना पोखरियाल, किरन पंवार, उषा भट्ट तथा शांति ठाकुर को सम्मानित किया गया। बृहस्पतिवार को यात्रा चिन्यालीसौड़ पहुंचकर जनसभा आयोजित करेगी। कार्यक्रम में विजयपाल मखलोगा, विक्रम सिंह, ऋषि प्रसाद सती, ललित कपूर, भगवती प्रसाद आदि मौजूद रहे।