गोपेश्वर। चमोली जिले में छह जगहों पर जंगलों में आग भड़की हुई है। इस बार सेटेलाइट से जंगलों की आग की मॉनीटरिंग हो रही है। सेटेलाइट से भारतीय वन सर्वेक्षण निदेशालय देहरादून में अग्नि सुरक्षा कंट्रोल रूम को मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को चमोली जिले के पिंडर, थराली और नंदप्रयाग के समीप कंडारा आरक्षित वन क्षेत्र के जंगलों में आग लगी हुई है। साथ ही वन पंचायत घुड़साल, मासौं और ग्वाड़ के जंगल भी आग की चपेट में आ गए हैं। जंगलों की आग से चारों ओर दिनभर धुंध रही। बदरीनाथ वन प्रभाग के डीएफओ एनएन पांडेय का कहना है कि सूचना मिलने के बाद वन कर्मियों को प्रभावित क्षेत्रों में भेज दिया गया है। देर रात तक आग पर काबू पा लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार सेटेलाइट से जंगलों में लगी आग पर नजर रखी जा रही है, जैसे ही वन प्रभाग को जंगल में आग लगने की सूचना प्राप्त हो रही है, प्रभावित क्षेत्र में कर्मचारियों को इनर लाइन बनाने और आग पर काबू पाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। ब्यूरो