फूड टेस्टिंग वाहन से कसेगा मिलावटखोरी पर शिकंजा
वाहन में लगी मशीनें तत्काल पकड़ेगी खाद्य पदार्थों में मिलावट
चारधाम यात्रा के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुरू की तैयारी
यात्रा मार्ग पर लगाया जाएगा वाहन, की जाएगी प्रतिष्ठानों की चेकिंग
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
चारधाम यात्रा के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर रोकथाम को विभाग यात्रा मार्ग पर फूड टेस्टिंग वाहन संचालित करेगा। इस वाहन में उपलब्ध मशीनें से खाद्य पदार्थों में मिलावट का तत्काल पता लगाया जा सकेगा। हालांकि प्रतिष्ठान संचालक के खिलाफ कार्रवाई लैब रिपोर्ट आने के बाद ही अमल में लाई जाएगी।
बता दें कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रा मार्ग पर ढाबों और अन्य प्रतिष्ठानों पर खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी की शिकायतें आम हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग मिलावटखोरी रोकने को चेकिंग अभियान भी चलाता है। लेकिन अभियान के दौरान नमूने लेने तक ही सीमित रहता है। लेकिन इस बार यात्रा मार्ग पर विभाग फूड टेस्टिंग वाहन का संचालन करेगा। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी जीसी कंडवाल के मुताबिक इस वाहन में उपलब्ध मशीनों से चेकिंग कर तत्काल यह पता लगाया जा सकेगा कि खाद्य पदार्थ में मिलावट की गई है या नहीं। जिससे मिलावटी सामान को मौके पर ही नष्ट कराया जा सकेगा और लोगों को इससे होने वाले दुष्प्रभाव से बचाया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि इस वाहन का मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने हाल ही में देहरादून से शुभारंभ किया है।
.........................................
50 रुपये में कोई भी करा सकता है जांच
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी के मुताबिक वाहन में लगी मशीनों से आम आदमी भी अपने खाद्य पदार्थों की जांच करा सकेगा। जांच में पदार्थ में मिलावट पाए जाने पर लैब की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित दुकानदार पर कार्रवाई की जा सकेगी।
..............................
रसोई कर्मचारी का मेडिकल सर्टिफिकेट अनिवार्य
खाद्य सुरक्षा विभाग होटल व अन्य प्रतिष्ठानों की रसोई में काम करने वाले कर्मचारियों की मेडिकल सर्टिफिकेट की जांच करेगा। संबंधित प्रमाणपत्र नहीं मिलने पर संबंधित संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी जीसी कंडवाल ने बताया कि रसोई में काम करने वाले कर्मचारी का स्वस्थ होना अनिवार्य है। जल्द ही इसे लेकर शहर और आसपास के क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा होटल, रेस्टोरेंट आदि में साफ-सफाई मुकम्मल होनी जरूरी है। चेकिंग अभियान के दौरान सफाई नहीं मिलने पर भी संबंधित संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बताया कि प्रतिष्ठानों के संचालकों से साफ-सफाई को चाक-चौबंद रखने के लिए कहा है।