ब्यूरो/अमर उजाला
चकराता। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत श्री गुलाब सिंह राजकीय महाविद्यालय चकराता में सूचना, शिक्षा एवं संप्रेषण गतिविधि और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से आयोजित इस शिविर में पं. दीनदयाल उपाध्याय कोरोनेशन अस्पताल देहरादून की चिकित्सक डॉ. सुषमा मल्होत्रा और डॉ. गौरव ने छात्रों को एनीमिया, थैलीसीमिया और दांतों से संबंधित रोगों के बारे में जानकारी दी। बताया कि एनीमिया और थैलीसीमिया की बीमारी शरीर के लिए बेहद खतरनाक है। दोनों बीमारियों में शरीर में रक्त की कमी हो जाती है। थैलीसीमिया बच्चों को माता-पिता से अनुवांशिक तौर पर मिलने वाला रक्त-रोग है। इस रोग के होने पर शरीर की हीमोग्लोबिन निर्माण प्रक्रिया में गड़बड़ी हो जाती है। रोग की पहचान तीन माह की आयु के बाद ही होती है। इसमें रोगी बच्चे के शरीर में रक्त की भारी कमी होने लगती है जिसके कारण उसे बार-बार खून चढ़ाने की आवश्यकता होती है। विशेषज्ञों ने छात्रों की कई समस्याओं का समाधान भी किया।
संचालन डॉ. अरविंद वर्मा ने किया। इस मौके पर डॉ. सुनील कुमार, डॉ. कुलदीप चौधरी, डॉ. सीमा, डॉ. संजीव, डॉ. देशराज, मनीष, अर्जुन, पूनम, स्वीटी, रीतू, अरविंद, नीटू, स्वाति, सीमा, करुणा, नेहा, अनीता आदि मौजूद रहे।