ब्यूरो/अमर उजाला
कालसी (विकासनगर)। चकराता वन प्रभाग की रिखनाड़ रेंज में तैनात वन दरोगा हयात सिंह राणा को प्रभागीय कार्यालय में दिल का दौरा पड़ गया। उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन से कर्मचारियों में शोक की लहर है।
सोमवार की सुबह 11 बजे किसी काम से वन दरोगा कालसी स्थित प्रभागीय कार्यालय में पहुंचे। यहां अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई और वही गिर गए। वहां मौजूद कर्मचारी उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राणा मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के रहने वाले थे। वर्तमान में वह अपने परिवार सहित डाकपत्थर में रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी समेत एक पुत्र और एक पुत्री है। वन आरक्षी संघ ने उनकी मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। उनके निधन पर वन संरक्षक पीके पात्रो, डीएफओ दीप चंद आर्य, एसडीओ सुबोध काला, वन आरक्षी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष दीपक उनियाल, सचिव प्रकाश अंथवाला, यशपाल सिंह, हरपाल सिंह, देवेंद्र मिश्रा, सुरेशानंद भट्टकोटी, सुबोध पांडे आदि ने शोक व्यक्त किया है।