ब्यूरो/अमर उजाला/त्यूनी/चकराता।
जौनसार बावर के 200 से अधिक गांवों की बत्ती बृहस्पतिवार को गुल हो गई। दोपहर एक बजे से रात 10 बजे तक बिजली नहीं आने पर लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विद्युत कटौती की पूर्व सूचना न देने के कारण लोगों में रोष है।
बृहस्पतिवार को निगम ने साहिया के पास लगे कम क्षमता के ट्रांसफार्मर को बदलने का काम शुरू किया। यहां पर 5 एमवी का ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है। इस कारण चकराता, सहिया त्यूनी, कोरूवा, कोटी, लांगपोखरी, पुरोड़ी, लालकुर्ती, सप्लाई, आलूमंडी, भंगार, मोहना, क्वासी, गोराघाटी, सावरा, जाडी, सुजऊ, कंधाड़, सिजला, कुन्ना, म्यूंडा, मंझगांव, समोग, सेतोली, मयरावना, रावना, पाटी, बुरास्वा, जोगियो समेत 200 से अधिक गांवों की बत्ती गुल हो गई।
स्थानीय निवासी आनंद राणा, हरबंश कुकरेजा, तीर्थ कुकरेजा, राहुल चांदना, केशर चौहान, अमित अरोड़ा आदि का कहना है कि जौनसार बाबर में आए दिन बत्ती गुल रहती है। निगम ने ट्रांसफार्मर बदलने से पूर्व कोई सूचना नहीं दी।
उधर इस संबंध में सहायक अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि साहिया के पास लगे ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने के कारण बिजली सप्लाई बंद करनी पड़ी। रात 10 बजे तक बिजली सप्लाई सुचारु कर दी गई।