ब्यूरो/अमर उजाला/रायवाला।
गौहरीमाफी में बाढ़ से सुरक्षा के लिए पक्के तटबंध निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का बेमियादी धरना-प्रदर्शन और क्रमिक अनशन बुधवार को बारिश के बीच भी जारी रहा। आक्रोशित ग्रामीणों ने शासन प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए अधिकारियों को बंधक बनाने की चेतावनी दी है।
देवभूमि जन संघर्ष मोर्चा की अगुवाई में गौहरीमाफी के आंदोलनरत ग्रामीणों द्वारा धरना-प्रदर्शन बुधवार को 85वें दिन और क्रमिक अनशन 56वें दिन जारी रहा। इस दौरान विमला नौटियाल, रेणु देवी, देबेंद्री देवी, साखा रांगड़, दशरथी देवी, मेहरबान सिंह रावत अनशन पर बैठे। मोर्चा के अध्यक्ष संजय पोखरियाल ने बताया कि बाढ़ से सुरक्षा की मांग को लेकर आंदोलन जारी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे हैं। पोखरियाल ने चेताया कि बाढ़ के समय गांव पहुंचने वाले प्रशासनिक नुमाइंदों को बंधक बनाकर विरोध जताया जाएगा।