श्रीनगर। क्षेत्र में व्याप्त पेयजल, स्वास्थ्य व शिक्षा जैसी मूलभूत समस्याओं के प्रति युवा सेना मुखर हो गई है। समस्याओं का समाधान न किए जाने पर कार्यकर्ताओं ने आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
युवा सेना के कार्यकर्ताओं ने कहा कि श्रीनगर जल विद्युत परियोजना निर्माण के बाद अलकनंदा नदी में पानी का जलस्तर कम होने से नगर व आसपास के क्षेत्रों में दूषित पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। साथ ही बेस अस्पताल श्रीकोट व संयुक्त चिकित्सालय श्रीनगर सहित आसपास के क्षेत्रों में चिकित्सकों की कमी से क्षेत्रीय जनता को सही उपचार नही मिल पा रहा है, जिससे बीमार लोगों को देहरादून के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने श्रीनगर जल विद्युत परियोजना संचालक कंपनी के खिलाफ भी आक्रोश व्यक्त किया है। कहा कि कंपनी की ओर से निर्माणाधीन शुद्ध पेयजल योजना पर निर्धारित बजट अवमुक्त न किए जाने से दो सालों से पेयजल योजना का निर्माण कार्य ठप पड़ा है। ज्ञापन भेजने वालों में जिलाध्यक्ष फैजल खान, जिला उपाध्यक्ष संजय कुमार, नगर अध्यक्ष अनुव्रत पैन्यूली, अमित धनाई, रजत रतूड़ी, अभिशेख चंदोला, आयुष्मान पांडे आदि शामिल थे।