गोपेश्वर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर में गढ़वाल बेमिसाल मिशन की ओर से करियर काउंसिलिंग का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को निजी क्षेत्र में भविष्य संवारने के टिप्स दिए गए।
महाविद्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम का प्राचार्य प्रो. केएल मालगुड़ी ने शुभारंभ किया। मिशन की मुख्य काउंसलर रुचि गोयल ने छात्र-छात्राओं को उड्डयन, बीपीओ सेक्टर, टेलीसेल, मर्चेंट नेवी, एडवरटाइजिंग, फैशन डिजाइनिंग, इवेंट मैनेजमेंट, प्राइवेट बैंकिंग, मीडिया, वेब जर्नेलिज्म, टूरिज्म जैसे क्षेत्रों में भविष्य संवारने के टिप्स दिए। मिशन की निदेशक रीना दास ने कहा कि राज्य के युवाओं में असीमित संभावनाएं हैं। उन्हें उचित मार्गदर्शन की जरूरत है। इस मौके पर मिशन की सदस्य अंजलि सक्सेना, भावना बिष्ट, परामर्श प्रकोष्ठ के संयोजक डा. बीपी पोखरियाल, डा. विनय प्रकाश, डा. सुशील बहुगुणा, डा. अखिलेश कुकरेती, डा. भालचंद नेगी, मीडिया कोआर्डिनेटर डा. दर्शन सिंह नेगी, छात्र संघ अध्यक्ष सुधीर बिष्ट, पूर्व अध्यक्ष अनूप नेगी और सूर्यप्रकाश आदि मौजूद थे।