ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
हिंदू संवत्सर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के स्वयंसेवियों ने पथ संचलन किया। महावीन प्रसाद जैन सरस्वती विद्या मंदिर से शुरू हुआ पथ संचलन डाकपत्थर तिराहा, एक्सचेंज रोड, अस्पताल रोड, सिनेमा गली, पहाड़ी गली, मंडी चौक होते हुए बाबूगढ़ स्थित सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल पहुंच संपन्न हुआ। पथ संचलन में 200 से अधिक स्वयंसेवियों ने प्रतिभाग किया।
बौद्धिक सत्र में प्रचारक प्रमुख जगदीश ने कहा कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा का दिन बेहद खास होता है। इस दिन प्रथम संघ चालक केशवराम बलिराम हेडगेवार का जन्म हुआ था। सम्राट विक्रमादित्य ने 2075 साल पूर्व प्रतिपदा के दिन अपना राज्य स्थापित कर विक्रम संवत की शुरूआत की थी। भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक भी इसी दिन हुआ था। यह दिन सृष्टि के सृजन का भी पहला दिन है। स्वामी दयानंद ने भी इसी दिन आर्य समाज की स्थापना की थी। सिंध प्रांत के प्रसिद्ध समाज रक्षक संत झूलेलाल का अवतरण भी इसी दिन हुआ था। उन्होंने कहा कि जनवरी में नया साल न मना चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को नए साल के रूप में मनाना चाहिए। इस मौके पर जिला संघ चालक देवराज, नगर संघ चालक रामपाल रोहिला, जिला कार्यवाह रविंद्र, जिला प्रचार प्रमुख विक्रम, जिला व्यवस्था प्रमुख पुष्पराज, रामेश्वर, संदीप, विकास, गोपाल, ऐश्वर्य सक्सेना, अरुण मित्तल, उदयराज चौहान, धन सिंह, संदीप मोंगा, यश रोहिला, अमन शर्मा, रामपाल आदि मौजूद रहे।
सूर्य और गायत्री मंत्र किया जाप
विकासनगर(ब्यूरो)। हिंदू नववर्ष पर श्री हनुमद्धाम सेवा समिति की ओर से सूर्य और गायत्री मंत्र जप का आयोजन किया गया। हवन आहूत कर विश्व कल्याण की कामना की गई। अनुष्ठान पं. ओम प्रकाश खंडूरी की देखरेख में संपन्न हुआ। इस मौके पर मंदिर समिति के अध्यक्ष विष्णु महावर, पं. जीवन चंद भट्ट, सियाराम गुप्ता, विद्या प्रकाश शर्मा, जीवन चंद कांडपाल, रमेश उनियाल, सोमा देवी, अमित नेगी, दिनेश अग्रवाल, कमल ठाकुर आदि मौजूद रहे।
500 मरीजों की स्वास्थ्य जांच
विकासनगर(ब्यूरो)। हिंदू नववर्ष पर स्वामी विवेकानंद जी धर्मार्थ चिकित्सालय धर्मावाला देहरादून में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 500 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच डॉ. दिनेश चौहान, डॉ. संदीप रावत, डॉ. रविंद्र बिष्ट, डॉ. अभय कुमार, डॉ. मंजू पंवार ने की।