ब्यूरो/मुनिकीरेती । एक सप्ताह से चल रहा ऋषिकेश अंतराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल रविवार को विधिवत संपन्न हो गया। इस मौके पर प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। रविवार को मुनिकीरेती स्थित शत्रुघ्न घाट पर ऋषिकेश इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के समापन समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसमें डिवाइन स्प्रीट ग्रुप की सुजाता राय ने शास्त्रीय नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनमोह लिया। शिवानंद रमेश म्यूजिकल स्कूल की ललिता राय ने फिल्मी गीत पर नृत्य प्रस्तुति दी।
अनुभव भट्ट ने गढ़वाली लोकगीत पर नृत्य पेश किया। वहीं डिवाइन स्प्रीट ग्रुप ने मलखम की विभिन्न क्रियाओं के माध्यम से दर्शकों को अचंभित कर दिया। मनन द्विवेदी, अंशुल शर्मा, नीरज शर्मा, परवल द्विवेदी ने ग्रीन डे बैंड की शानदार धुनों पर दर्शकों को झूमने को मजबूर कर दिया। इस मौके पर मुख्य अतिथि भाजपा नेता तीरथ सिंह रावत ने फिल्म फेस्टिवल के आयोजकों और सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। सात दिवसीय फिल्म फेस्टिवल के आयोजन पर उन्होंने तेजस्वी गिरि का आभार जताया।
कहा कि तेजस्वी गिरि द्वारा फिल्म फेस्टिवल के माध्यम से उत्तराखंड के पर्यटक स्थलों और धर्मस्थलों का जिस तरह से देश-दुनिया में प्रचार प्रसार किया जा रहा है, इसके दूरगामी सुखद परिणाम सामने आएंगे। उम्मीद जताई कि इससे उत्तराखंड में देसी विदेशी पर्यटकों की आमद बढ़ेगी। इस अवसर पर अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सचिव संतोष बडोनी, महंत मनोज द्विवेदी, संजय शास्त्री, रघुवीर सिंह पंवार, डीएस रावत, पंकज भट्ट, शांति भट्ट, रोहित अग्रवाल, राय सिंह नेगी, राधाकृष्ण पोखरियाल, जनार्दन कैरवान आदि मौजूद थे।