ब्यूरो/मुनिकीरेती । फोटोग्राफी क्लब, लक्ष्मणझूला की ओर से रविवार को फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें फोटोग्राफरों द्वारा लिए गए प्रकृति व कई अन्य दुर्लभ विषयों से जुड़े छायाचित्रों को प्रदर्शित किया गया। लक्ष्मणझूला स्थित उत्तराखंड आर्ट गैलरी में आयोजित फोटो प्रदर्शनी का मुख्य अतिथि पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने शुभारंभ किया। फोटो प्रदर्शनी में उत्तराखंड के विभिन्न दुर्लभ स्थानों से लिए गए चित्रों को प्रदर्शित किया गया है। इस मौके पर सतपाल महाराज ने फोटोग्राफरों द्वारा प्रदर्शनी में लगाए गए दुर्लभ चित्रों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि छायाकारों को उत्तराखंड के विभिन्न पर्यटक स्थानों और मठ- मंदिरों के चित्रों को अपने कैमरों में कैद कर प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों के सामने लाना चाहिए। ऐसा करने से राज्य में आने वाले पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकता है। उत्तराखंड आर्ट गैलरी के संस्थापक त्रिभुवन चौहान ने बताया कि प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड में पर्यटन विकास की नई संभावनाएं तलाशने के साथ ही उभरते कलाकारों और फोटोग्राफरों को एक मंच देने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर चंद्रशेखर चौहान, मनीष पैन्यूली, राहुल तलवार, अंशुल गुप्ता, विनीत जैन, सागर ठाकुर, सूरज सिंह, रजनीश शर्मा, रवि यादव, सचिन रयाल, उज्ज्वल रस्तोगी, मंजू गुप्ता, गुलशन कुमार, मयंक उनियाल, अशोक सेखरी, सूरत भारद्वाज, मोहन पंवार, निकिता गुप्ता, राजेश थपलियाल आदि मौजूद थे।