श्रीनगर। गैरसैंण स्थायी राजधानी के लिए आंदोलित अनशनकारियों को पुलिस प्रशासन ने बुधवार देर रात बेस अस्पताल में भर्ती कराया। यहां अनशनकारी प्रवीण को फोर्स फीडिंग कराई गई, जबकि संजय का अनशन जारी रहा। इस दौरान आंदोलनकारियों की पुलिस से तीखी नोक-झोंक हुई। अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही आंदोलनकारी दोबारा धरनास्थल पर पहुंच गए। यहां प्रवीण की जगह उषा घिल्डियाल अनशन पर बैठी। महिला आंदोलनकारियों को उठाने के दौरान महिला पुलिस कर्मियों की उनसे धक्का मुक्की भी हुई।
गैरसैंण स्थायी राजधानी के लिए संजय घिल्डियाल 11 और प्रवीण कुमार 10 दिनों से आमरण अनशन कर रहे हैं। मेडिकल रिपोर्ट देखने के बाद डाक्टरों ने आंदोलनकारियों की स्थिति चिंताजनक बताते हुए फोर्स फीडिंग कराए जाने के लिए लिखा था। बुधवार रात करीब 12 बजे प्रशासन ने दोनों अनशनकारियों को उठाकर बेस अस्पताल में भर्ती कराया, जहां अनशनकारी प्रवीण की फोर्स फीडिंग कराई गई। हालांकि अनशनकारी संजय घिल्डियाल का अनशन पूर्व की भांति जारी है। बेस अस्पताल से डिस्चार्ज सर्टिफिकेट मिलते ही आंदोलनकारी फिर गोलापार्क पहुंचे। यहां पहुंचकर प्रवीण कुमार के स्थान पर उमा घिल्डियाल अनशन बैठ गई हैं। यहां महिला पुलिसकर्मियों ने कई महिला आंदोलनकारियों को जबरन खींच कर हटाने का प्रयास किया। हालांकि बाद में अनशनकारी यही बैठे रहे।