श्रीनगर। तीन सूत्री मांगों के लिए प्रगतिशील जन मंच की ओर से शुक्रवार (आज) को नगर के मुख्य मार्गों पर मशाल जुलूस का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों सहित नगर के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
एनआइटी के स्थायी परिसर निर्माण, श्रीनगर, पौड़ी व श्रीकोट आदि क्षेत्रों को शुद्ध पेयजल आपूर्ति करनेे वाली योजना पर निर्माण कार्य शुरू करने और संयुक्त चिकित्सालय में डाक्टरों की तैनाती की मांग के लिए प्रजम का धरना 274 वें दिन भी जारी रहा। प्रजम के अध्यक्ष अनिल स्वामी ने कहा कि मशाल जुलूस के लिए श्रीनगर व आसपास के सभी गांवों में प्रचार प्रसार किया गया है। ग्रामीण बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम में शिरकत कर रहे है। बुधवार को चंद्रकला, सुनीता पंवार, गिन्नी देवी, सरस्वती नौटियाल, यशोदा रावत, मीना चंदोला, सदानंद पुरी, पदमेंद्र रावत, रतन सिंह पटवाल, हरि प्रसाद, रमेश रावत आदि धरने पर बैठे रहे।