गोपेश्वर। घाट बाजार में खड़िया ले जा रहे ट्रकों से आए दिन जाम की स्थिति पैदा हो रही है। इसके चलते यहां बाजार में आधे-आधे घंटे तक जाम की समस्या से दो चार होना पड़ रहा है। व्यापारियों और अन्य लोगों ने कहा कि कई बार पुलिस प्रशासन से खड़िया के ट्रकों के संचालन के समय निर्धारण की मांग उठाई गई, लेकिन आज तक स्थिति जस की तस बनी है। ऐसे में आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। इधर थानाध्यक्ष चमोली दीपक रावत का कहना है कि लोगों की शिकायत के बाद खड़िया के ट्रकों के संचालन के लिए शाम 4 बजे से सुबह 10 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। यदि इस समय के अतिरिक्त ट्रकों का संचालन किया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।