गोपेश्वर। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जन शिकायत निवारण शिविर में प्रभारी जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। शिविर में सड़क, नदी तटबंद, वन भूमि पर अतिक्रमण से बंधित नौ शिकायतें दर्ज हुईं। प्रभारी डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल ग्रामीणों की समस्याओं पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
विकास खंड घाट के मुस्लिम परिवारों ने धरगांव के सीमा क्षेत्र में नदी किनारे ढाई सौ सालों से स्थित कब्रिस्तान को राजस्व अभिलेखों में दर्ज कराने और कब्रिस्तान की दीवार बंदी की मांग उठाई है। गोपीनाथ समग्र विकास समिति के अध्यक्ष सत्येंद्र सिह रावत ने गोपेश्वर में नगर के बीचोंबीच स्थित पेट्रोल पंप को नए बस अड्डे पर स्थापित करने की मांग की है।
सलूड़ गांव के पुष्कर लाल, बलवंत सिंह, विनोद सिंह और देवेश्वरी ने कहा कि पगनों-मोल्टा सड़क के निर्माण में विस्फोट से आवासीय मकानों पर दरारें पड़ गई हैं। मलबे से फलदार पेड़ों को भी नुकसान पहुंच रहा है। अनसूया मंदिर ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष बीएस झिंक्वाण ने वर्ष 2013 की अतिवृष्टि के कारण माता अनसूया आश्रम में बहने वाली वैतरणी नदी के क्षतिग्रस्त तटबंधों के निर्माण की मांग उठाई। मकरोली गांव के भीमलाल ने वन पंचायत की भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को रोकने की मांग उठाई। तिल्फारा के ग्रामीणों ने कुछ लोगों द्वारा गांव के सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण होने की शिकायत की।