श्रीनगर। गैरसैंण स्थाई राजधानी की मांग के लिए आंदोलित आंदोलनकारी मुख्यमंत्री को पोस्टकार्ड भेज स्थायी राजधानी घोषित किए जाने की मांग करेंगे। वहीं अनशकारी संजय घिल्डियाल व प्रवीण सिंह का अनशन शनिवार को भी जारी रहा। मेडिकल रिपोर्ट में अनशनकारियों के वजन में लगातार गिरावट दर्ज की गई है।
शनिवार को गोलापार्क स्थित अनशन स्थल पर आयोजित बैठक में आंदोलनकारियों ने निर्णय लिया कि रविवार को 500 से अधिक पोस्टकार्ड मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत को भेजे जाएंगे। सभी पोस्टकार्डों पर गैरसैंण स्थायी राजधानी घोषित किए जाने की मांग लिखी जाएगी। अनशनकारी संजय घिल्डियाल व प्रवीण के मेडिकल के लिए पहुंचे संयुक्त चिकित्सालय के डा. अजय गोयल ने बताया कि दोनों अनशनकारियों के वजन में गिरावट दर्ज की गई है। अनशनकारियों के समर्थन में धरने पर बैठने वालों में गंगा थपलियाल, उमा घिल्डियाल, विभोर बहगुणा, समीर रतूड़ी, गणेश भट्ट आदि शामिल थे।