ब्यूरो/अमर उजाला/साहिया।
विभागीय हीलाहवाली के चलते तीन साल बाद भी सरला खड्ड और अमलावा नदी पर चल रहे बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य पूरे नहीं हो सके है। जिससे ग्रामीणों में रोष है। उन्होंने शीघ्र निर्माण कार्य पूरा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
वर्ष 2013-14 में करीब 6.50 करोड़ की लागत से साहिया में बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य को स्वीकृति प्रदान की गई। वर्ष 2015 से निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। लेकिन तीन साल बाद भी निर्माण कार्य पूरे नहीं हो सके है। ग्रामीण प्रभु लाल, भोपाल दास, केदारू, चरण दास आदि का कहना है कि हर साल बरसात में उफनाई नदी और खड्ड लोगों की नींद उड़ा देते हैं। वर्ष 2013-14 में करीब 17 परिवार बेघर हो गए थे। 50 से अधिक परिवारों के मकानों को क्षति पहुंची थी। कहा शिकायत के बाद भी निर्माण कार्यों में तेजी नहीं आ पा रही है। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता पीएन राय ने बताया कि बजट कमी के चलते निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है। बजट मिलते ही निर्माण कार्य को पूरा कराया जाएगा।