कीर्तिनगर। तहसील मुख्यालय के समीप घिल्डियाल गांव में खेतों में लगी आग जंगल तक पहुंच गई। देर शाम तक वन विभाग के कर्मचारी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे थे। वन विभाग आग लगाने वाले की भी तलाश कर रहा है।
शुक्रवार शाम सिविल सोयम कीर्तिनगर रेंज कार्यालय से मात्र एक किलोमीटर दूर घिल्डियाल गांव के ऊपर जंगल मेें आग धधक उठी। ऊपरी ओर आग लगे होने पर वन विभाग को इसकी विकरालता का पता नहीं चल पाया। सूचना मिलने पर टीम ने नीचे की ओर आग बुझा दी, लेकिन हल्की हवा चलने से शुष्क मौसम में जंगल में ऊपरी ओर आग बहुत तेजी से फैल गई। देर शाम तक वन विभाग आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन आग के काफी तेज होने के कारण प्रयास नाकाफी साबित हुए। रेंजर आरके खुगसाल ने बताया कि किसी ग्रामीण ने खेतों में सूखी घास जलाने के लिए आग लगाई। जो जंगल में पहुंच गई।