श्रीनगर। अदिति न्यास स्मृति की पहल पर आयोजित प्रथम राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिता के चौथे दिन इंडियन एअर फोर्स ने खालसा फुटबाल क्लब अमृतसर को 2-1 से हराया। एअर फोर्स की ओर से दोनों गोल रेरी ने किए।
शुक्रवार को जीआईएंडटीआई मैदान में आयोजित फुटबाल मैच का उद्घाटन अपर आयुक्त हरक सिंह रावत और व्यवसायी संजय जैन ने किया। शुक्रवार को इंडियन एअरफोर्स और खालसा फुटबाल क्लब अमृतसर (पंजाब) के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। एअर फोर्स के खिलाड़ी रेरी ने मैच के 18 वें मिनट में गोल दागकर विपक्षी टीम के समक्ष अपने इरादे जता दिए। मैच के 33 वेें मिनट में खालसा के कार्तिक ने एक गोल ठोक कर अपनी टीम को बराबरी पर ला दिया। दूसरे हॉफ में दोनों टीम बाल के लिए जूझती रही। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक दूसरे पर गोल करने के कई प्रयास किए। लेकिन सफल नही रहे। एअर फोर्स को मैच के 80 वें मिनट में गोल करने का मौका मिल गया। रेरी ने दूसरा गोल ठोक कर विजयी बढ़त दिला ली। अंत तक फिर कोई गोल नहीं हुआ। एअर फोर्स ने 2-1 से मैच जीत लिया। शनिवार को गढ़वाल इलेवन पौड़ी व खालसा क्लब और दूसरा मैच गढ़वाल हीरोज दिल्ली व उत्तराखंड पुलिस के बीच मुुकाबले होंगे। इस मौके पर आयोजन समिति अध्यक्ष गिरीश पैन्यूली, संयोजक वीरेंद्र नेगी, संजय गुप्ता, अनूप बहुगुणा, विक्रम रावत व टेेकेश्वर बिष्ट आदि मौजूद थे।