कर्णप्रयाग। डिम्मर गांव में शताब्दी वर्ष के रूप में आयोजित रामलीला का श्री राम के राज्याभिषेक के साथ समापन हो गया। इस दौरान श्री राम और हनुमान ने श्रद्धालुओं को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद दिया।
ब्रह्मबेला पर श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में आचार्य गणेश चंद्र खंडूड़ी और आयोजकों ने वैदिक मंत्रोच्चारों के साथ यज्ञ में पूर्ण आहुतियां दीं। इसके बाद गांव के चोपता तोक से राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान की, खल्दार तोक से भरत, शत्रुघन सहित अयोध्या वासियों की चौंरी चौक रामलीला स्थल तक भजन-कीर्तन के साथ भव्य झांकी निकाली गई। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा के साथ श्री राम का स्वागत किया। इसके बाद आचार्यों ने श्री राम की पूजा की। रामलीला कमेटी ने रामलीला मंचन में प्रतिभाग करने वाले कलाकारों, सामाजिक कार्य करने वालों सहित महिला और युवक मंगल दल के सदस्यों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष शैलेंद्र प्रसाद डिमरी ने शताब्दी वर्ष के रूप में आयोजित रामलीला मंचन में सहयोग देने के लिए सभी का आभार जताया। इस मौके पर रामलीला कमेटी के संरक्षक मोहन प्रसाद डिमरी, सचिव केशव प्रसाद डिमरी, कोषाध्यक्ष जयंती प्रसाद, डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के अध्यक्ष सुरेश डिमरी, डिम्मर-उमट्टा पंचायत के अध्यक्ष आशुतोष डिमरी, बार एसोसिएशन कर्णप्रयाग के अध्यक्ष रविंद्र पुजारी, डा. मनोज मिश्रा, सीएस नौटियाल, चक्रधर डिमरी, द्वारिका प्रसाद डिमरी, ममंद अध्यक्ष सरिता देवी, युवक मंगल दल अध्यक्ष शोभित डिमरी सहित कर्णप्रयाग, सिमली, आदिबदरी, गोपेश्वर, गौचर, लंगासू, आदि स्थानों के सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।