ब्यूरो/अमर उजाला/सेलाकुई।
मल्हान रेंज के शेखोवाला-कल्याणपुर गांव में गुलदार ने हमला कर 10 भेड़ों को मार गिराया। गुलदार के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं पीड़ित ने मुआवजे की गुहार लगाई है।
शेखोवाला-कल्याणपुर गांव में राजेश पुत्र छज्जू का घर है। मंगलवार की रात को राजेश की गोशाला में हमला कर गुलदार ने 10 भेड़ों को मार गिराया। अगले दिन जब वह गोशाला में पहुंचा तो पशुओं के क्षत-विक्षत शव देखकर हक्का-बक्का रह गया। राजेश ने मामले की जानकारी ग्रामीणों को दी। जिसके बाद ग्रामीणों ने विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। उधर, डीएफओ देहरादून राजीव धीमान ने बताया कि संबंधित रेंज अधिकारी से मामले में रिपोर्ट मांगी गई है। विभागीय नियमानुसार पीड़ित को मुआवजा दिया जाएगा। क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी।