ब्यूरो/ अमर उजाला, मुनिकीरेती
तीर्थनगरी में आयोजित बीटल्स फेस्टिवल में शिरकत करने आए बीटल्स ट्रिब्यूट बैंड ग्रुप द फैब फोर के कलाकारों ने सोमवार को चौरासी कुटिया का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने तपस्थली में महर्षि महेश योगी के समय में जुटाई गई व्यवस्थाओं को देखा व उसकी सराहना की। कहा कि उनकी तपस्थली में आकर असीम शांति की अनुभूति होती है।
ग्रुप लीडर जॉन थॉमस, जॉसेफ एडवर्ड, डैनियल फेल्पस और पीटर नॉइल्स ने बताया कि भावातीत ध्यान के प्रणेता महर्षि महेश की तपस्थली शंकराचार्यनगर चौरासी कुटिया सच में अपने आप में एक अद्भुत स्थान है। यहां पर आकर हर मनुष्य को शांति की अनुभूति होती है। उन्होंने बताया कि दुनिया में ध्यान और योग के लिए यह स्थान विशेष महत्व रखता है।
जॉन थॉमस ने चौरासी कुटिया पहुंचकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि बीटल्स बैंड ग्रुप को तीर्थनगरी ऋषिकेश आकर महर्षि महेश योगी तपस्थली व उनके सानिध्य में गीतों की रचना करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। यह संगीत से जुड़े लोगों के लिए भी एक अच्छा संदेश है। इस मौके पर गौहरी रेंज अधिकारी राजेंद्र नौटियाल, समाजसेवी चंद्रवीर पोखरियाल, मुनिकीरेती नगर पालिकाध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल, रवि शास्त्री आदि मौजूद थे।