गोपेश्वर। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित जन शिकायत निवारण शिविर में सड़क निर्माण, ऑल वेदर के तहत मुआवजा, अतिक्रमण, पुश्ता निर्माण, आवास, पेंशन आदि से जुड़ी 16 शिकायतें दर्ज की गईं। डीएम ने 9 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि अन्य शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस दौरान प्रभावितों को मुआवजा देने से पहले जनसुनवाई के आयोजन की मांग उठाई गई।
शिविर में गडोरा न्याय पंचायत के काश्तकार शंभू प्रसाद सती, अयोध्या प्रसाद हटवाल और हर्षराज तडियाल ने पीपलकोटी से मायापुर कौडिया तक ऑल वेदर रोड चौड़ीकरण व विस्तारीकरण से प्रभावित काश्तकारों को भूमि, भवन व दुकानों का उचित मुआवजा दिलाने, मुआवजा वितरण के लिए जन सुनवाई आयोजित करने की मांग उठाई। इस पर डीएम ने अपर जिलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सिरोखोमा गांव के लोगों ने सिरोखोमा-बैरांगना मार्ग पर लोनिवि की ओर से निर्माण कार्य रोकने, आवागमन के पैदल मार्ग बंद होने की शिकायत दर्ज करते हुए लोनिवि से शीघ्र कार्य शुरू करवाने की मांग उठाई। कोठियालसैंण निवासी बच्चू लाल ने एनएच पर क्षतिग्रस्त पुश्ता निर्माण कार्य पूरा न होने की शिकायत की। इस पर डीएम ने अधिशासी अभियंता एनएच को शीघ्र पुश्ता निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। रामणी निवासी दुगला लाल ने विकलांग पेंशन लगाने, तल्ला नैग्वाड़ निवासी जेठी देवी ने निजी भूमि पर अतिक्रमण रोकने आदि की मांग उठाई। रोपा निवासी बंशी लाल ने रोपा मार्ग पर किए कार्यों के भुगतान होने तक पीएनबी की ओर से वसूली आदेश पर रोक लगाने की गुहार लगाई। इस मौके मौके पर सभी विभागीय अधिकारी मौजूद थे।