गैैरसैंण। आगामी 20 मार्च से शुरू होने वाले बजट सत्र के लिए भराड़ीसैंण में तैयारियां शुरू हो गई हैं। सोमवार को विधानसभा सचिव ने भराड़ीसैंण पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही सत्र आयोजन के लिए जरूरी कामों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान भराड़ीसैंण में पहली बार हो रहे राज्यपाल के अभिभाषण को भव्य और एतिहासिक बनाने की बात कही।
सोमवार दोपहर को भराड़ीसैंण में निर्माणाधीन विधानभवन में पहुंचे विधानसभा सचिव जगदीश चंद्र ने निर्माणदायी संस्था एनबीसीसी के साथ ही वीकेजे कंपनी के अधिकारियों से विधानसभा मंडप में इकोसिस्टम तैयार करने की बात कही। साथ ही दर्शक दीर्घा को बेहतर और साफ सफाई बरतने के निर्देश दिए। सचिव जगदीश चंद्र ने कहा कि भराड़ीसैंण में पहली बार राज्यपाल का अभिभाषण होना है। इस दौरान होने वाली परेड को भव्य होना चाहिए। परेड की तैयारियों में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। बारिश की संभावना को देखते हुए विधानसभा परिसर में ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर करने की बात कही। उन्होंने विधान भवन के सभी कक्षों का निरीक्षण किया और विधानसभा के व्यवस्थापक राकेश को आवश्यक फर्नीचर और अन्य सामान मंगवाने के लिए कहा। इस दौरान एनबीसीसी के संदीप, वीकेजे के नरेंद्र लखचौरा, कर्णप्रयाग के विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी आदि मौजूद थे।
पिछले सत्र की 27 लाख की देनदारी अभी नहीं चुकाई
गैरसैंण। सत्र की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे विधानसभा सचिव जगदीश चंद्र ने अधिकारियों से मितव्ययता के साथ बेहतर व्यवस्थाएं जुटाने के निर्देश दिए। कहा कि अभी दिसंबर माह में हुए सत्र का कैंटीन संचालकों का 27 लाख का बकाया है। कहा कि विशिष्ट और अति विशिष्ट अतिथियों के लिए 2 कैंटीन और 1 आम कैंटीन की व्यवस्था सत्र के दौरान होनी चाहिए। साथ ही मीडिया कर्मियों को समाचार संकलन और संप्रेषण में दिक्कत ना हो इसके लिए मीडिया कक्ष में बेहतर व्यवस्थाएं होनी चाहिए।