नारायणबगड़। मींग गदेरा बाजार में शुक्रवार शाम करीब सात बजे एक दर्जी की दुकान में आग लग गई। आग से दुकान में रखा सभी सामान और मशीनें जल गईं। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
हसंकोटी निवासी सुरेंद्र सिंह भंडारी मींग गदेरा में दर्जी की दुकान चलाते हैं। सुरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि शुक्रवार को सुबह आधा घंटे दुकान खोली। होली की वजह से फिर दुकान बंद कर घर चला गया। शाम सवा सात बजे दुकान के सामने के मकान वालों का फोन आया और उन्होंने आग लगने की सूचना दी। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को भी दी। सूचना पर पहुंचे नारायणबगड़ पुलिस चौकी के प्रभारी हेमकांत सेमवाल सहित पुलिस, फायर ब्रिगेड और आस पास के लोगों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा सभी सामान जलकर राख हो गया था। चौकी प्रभारी सेमवाल ने बताया कि शार्ट सर्किट के कारण ही आग लगी। वहीं सुरेंद्र धनेत्रा, जयवीर सिंह कंडारी सहित व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नारायणबगड़ में फायर ब्रिगेड तैनात करने की मांग की।