ब्यूरो /अमर उजाला/मुनिकीरेती।
परमार्थ निकेतन आश्रम में सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का आगाज बृहस्पतिवार से होगा। योग महोत्सव में दुनिया के 90 देशों के 1500 से अधिक योग जिज्ञासु, साधक प्रतिभाग करेंगे।
परमार्थ निकेतन आश्रम में बुधवार को परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती मुनि ने पत्रकार वार्ता में बताया कि अंतराष्ट्रीय योग महोत्सव का शुभारंभ बृहस्पतिवार को राज्यपाल कृष्णकांत पाल करेंगे। इंटरनेशनल योगा फेस्टिवल में विश्व के लगभग 90 देशों से 1500 साधक प्रतिभाग करेंगे। योग महोत्सव में 20 देशों के 90 से अधिक संत, महात्मा व योगाचार्य शामिल हो रहे हैं। सप्ताहव्यापी योग शिविर में 200 से अधिक योग कक्षाएं आयोजित की जाएंगी। जिसमें मुख्यरूप से जिज्ञासुओं को अष्टांग योग, आयंगर योग, विन्यास योग, कुंडलिनी योग, जीव मुक्ति योग, सिंतोह योग, हठ योग, राज योग, भक्ति योग, भरत योग, गंगा योग, लीला योग आदि पर आधारित व्याख्यान व अभ्यास कराया जाएगा। इसके अलावा ध्यान, मुद्रा, संस्कृत वाचन, आयुर्वेद, रेकी और भारत दर्शन की कक्षाए संचालित की जाएंगी। इसके अलावा आध्यात्मिक महापुरुषों व धर्मगुरुओं द्वारा धार्मिक संवाद, जिज्ञासाओं के समाधान को प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन होगा। स्वामी चिदानंद सरस्वती मुनि ने कहा कि विश्व में भारतीय प्राचीन योग पद्धति का माहौल है। भारत के योगाचार्य लोगों को निरोग रखने के लिए योग से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। इस दौरान साध्वी भगवती सरस्वती ने बताया कि योग हमें स्वस्थ तन और प्रफुल्लित मन के साथ विश्व को एक परिवार का मूलमंत्र का संदेश देता है।