ब्यूरो/त्यूनी।
रोहड़ू-टनकपुर के बीच संचालित होने वाली परिवहन निगम की बस सेवा बीते एक सप्ताह से बंद पड़ी है। ग्रामीणों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हैं। उन्होंने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से की है।
ग्रामीणों ने कहा कि बस सेवा देहरादून जिले के अंतिम छोर में बसे त्यूनी तहसील मुख्यालय को सीधे कुमाऊं मंडल से जोड़ती है। इसके साथ ही नेपाल से क्षेत्र में मजदूरी के लिए आने वाले लोग इसी बस सेवा का इस्तेमाल कराते है। लेकिन एक सप्ताह से बस सेवा का संचालन बंद पड़ा है। स्थानीय निवासी रामलाल, मोनू डोभाल, प्रदीप कुमार, विजयपाल सिंह, दिनेश, गोपाल आदि का कहना है कि विभागीय अधिकारी बिना कोई सूचना दिए ही क्षेत्र में बस सेवा का संचालन बंद कर देते हैं। जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता हैं। अखिल भारतीय गोरखा मोर्चा पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. बलराज थापा ने कहा कि शीघ्र बस सेवा के शुरू न होने पर लोगों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। महाप्रबंधक बृजेश कुमार संत ने कहा कि होली की व्यस्तता के चलते दूसरे रूट पर बसों का संचालन किया जा रहा है। जल्द ही बस सेवा को शुरू किया जाएगा।