श्रीनगर। लक्ष्मोली-हडिमधार पंपिंग पेयजल योजना से डडुआ में निर्माणाधीन शराब फैक्टरी को पेयजल कनेक्शन देने पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भड़क गए हैं। उन्होंने इस पर ऐतराज प्रकट करते हुए कीर्तिनगर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि जल संस्थान और फैक्टरी प्रबंधन की मनमानी से उनको भविष्य में पेयजल संकट झेलना पड़ेगा।
बुधवार को डडुआ, नौली, सौड़ू, बरसोली, गौली, टकोली, कणेली और कफल्ड आदि गांवों के प्रधान पेयजल के मुद्दे पर वार्ता करने एसडीएम कीर्तिनगर के दफ्तर पहुंचे। एसडीएम की अनुपस्थिति में उन्होंने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे ग्राम प्रधान संगठन देवप्रयाग अध्यक्ष भगवान सिंह पंवार ने बताया कि 28 ग्राम पंचायतों के करीब 90 गांवों के लिए बनाई गई पेयजल योजना के भंडाली टैंक से शराब की फैक्टरी को पेयजल कनेक्शन दिया जा रहा है। जनता के विरोध के बावजूद प्रशासन और जल संस्थान फैक्टरी प्रबंधन के साथ मिलकर उनके हितों के साथ खिलवाड़ कर रहा है।
ग्राम प्रधान नौली जगदीश बंगवाल, प्रधान डडुआ सोहन पंवार, प्रधान सौडू जमुना देवी, प्रधान बरसोली रामस्वरूप उनियाल, प्रधान गौंली मनोज कुमार, प्रधान गवाणा राकेश कुमार, प्रधान मुंडोली सोनी देवी, प्रधान टकोली गणेश प्रसाद, प्रधान कणोली सतीश चंद्र और प्रधान कफल्ड ऊषा देवी ने कहा कि वर्तमान में पंपिंग योजना से कई गांवों में सुचारु पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। ऐसी स्थिति में फैक्टरी को कनेक्शन देकर जबरन पेयजल संकट पैदा किया जा रहा है।
इधर, एसडीएम कीर्तिनगर नुपुर वर्मा का कहना है कि जल संस्थान व पेयजल निगम के अधिशासी अभियंताओं को ग्राम प्रधानों की शिकायत के निस्तारण के आदेश दिए गए हैं।