कर्णप्रयाग। डिम्मर गांव में ईस्ट पूजा के रूप में मनाई जाने वाली रामलीला मंचन के शताब्दी वर्ष में शामिल होने के लिए प्रवासियों और ध्याणियों के आने का सिलसिला जारी है। वहीं गांव में प्रत्येक दिन ब्रह्मबेला पर आदिगुरु शंकराचार्य की ओर से स्थापित पौराणिक श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में होने वाली महाभिषेक पूजा में सैकड़ों ग्रामीण भगवान श्री हरि विष्णु को वस्त्र, आभूषण और भोग अर्पित कर रहे हैं। रात में रामलीला का आयोजन हो रहा है।
रामलीला मचंन के शताब्दी वर्ष में प्रतिभाग करने के लिए दुबई से गांव पहुंचे प्रवासी अनिल कुमार डिमरी ने बताया कि अनुष्ठान में प्रतिभाग करने के लिए 10 दिन का अवकाश लेकर आए हैं। वहीं मुंबई, हैदराबाद, दिल्ली, देहरादून, लखनऊ आदि राज्यों में रहने वाली ध्याणियों और उनके परिवारों के धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने का सिलसिला अनवरत रूप से जारी है। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष शैलेंद्र प्रसाद डिमरी और श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के पुजारी मोहन प्रसाद डिमरी ने श्रद्धालुओं से रामलीला मंचन में प्रतिभाग करने का आह्वान किया।