ब्यूरो/अमर उजाला
विकासनगर।
हैवी ब्लास्टिंग से क्षतिग्रस्त हुए मकान का मुआवजा देने की मांग पर व्यासी बांध प्रभावितों का क्रमिक अनशन तहसील परिसर में सोमवार दोपहर तक जारी रहा। बांध प्रभावितों ने यूजेवीएनएल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। दोपहर बाद अनशन स्थल पर पहुंचे उपजिलाधिकारी के आश्वासन पर ग्रामीणों ने अनशन समाप्त कर दिया।
ग्रामीणों ने कहा कि ब्लास्टिंग से कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। प्रभावितों को डर के साए में रहना पड़ रहा है। पूर्व में उत्तराखंड जल विद्युत निगम ने सभी मकानों का बीमा करा मुआवजा देने का आश्वासन दिया था लेकिन अब प्रबंधन मुआवजा भुगतान करने में आना-कानी कर रही है। निगम प्रबंधन उनकी मांग को अनसुना कर रहा है। ग्राम पंचायत भदोगी अंतर्गत कांडोई, फासिल, नकोड़, मायला गांव स्थित कई मकानों में दरारें पड़ी हुई हैं। कई मकान गिर गए। शिकायत के बाद भी उनकी समस्या को नहीं सुना जा रहा है।
एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में सर्वे ऑफ इंडिया से जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के तथ्यों के आधार पर प्रभावितों को मुआवजा भुगतान किया जाएगा। इस मौके पर सुुनील तोमर, नवीन तोमर, शूरवीर तोमर, वीरेंद्र चौहान, विनय चौहान, हुकम सिंह, ध्यान सिंह, विजय वर्मा, आकाश, विनोद, रिहान, समीर अंसारी, नरेश पुंडीर, अजीत रावत, संदीप, मोहित कश्यप आदि मौजूद रहे।