अमर उजाला ब्यूरो/विकासनगर।
जन सहभागिता अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने शनिवार को कुंजा गांव में लोगों को नशा उन्नमूलन पर जागरूक किया। लोगों को नशे के दुष्प्रभाव के बारे में जानकारी दी गई। गोष्ठी में कुंजा, कुंजाग्रांट और मटक माजरी के ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।
कोतवाल एसएस नेगी ने बताया कि नशा युवाओं को अंदर से खोखला कर रहा हैं। नशा से न सिर्फ युवा के शरीर को क्षति पहुंच रही है। समाज को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। नशा के वशीभूत होकर युवा कई तरह के अपराध भी कर देता है। जिसका पछतावा होने जेल जाने के बाद होता है। उन्होंने नशाखोरी के कार्य में संलिप्त लोगों की सूचना पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि होली का त्योहार नजदीक है। ऐसे में छोटी-छोटी अफवाहों पर ध्यान न दें। शांति व्यवस्था कायम करने में पुलिस का सहयोग करें। हुड़दंग मचाने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। इस मौके पर चौकी प्रभारी कुल्हाल अरविंद चौधरी, उपनिरीक्षक विनय शर्मा आदि मौजूद रहे।