ब्यूरो/चकराता।
छावनी बाजार क्षेत्र समेत आसपास के इलाकों में बीते तीन दिन से अनियमित पेयजल आपूर्ति हो रही है। अनियमित आपूर्ति ने लोगों की दिनचर्या गड़बड़ा दी हैं। 2000 की आबादी को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा हैं। पूरे दिन में महज 15 मिनट ही पेयजल आपूर्ति की जा रही है। रोजमर्रा के काम निपटाने में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हैं। दो किमी दूर डाक बंगले स्थित हैंड पंप और टैंकर से पानी ढोना पड़ रहा है।
क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति का जिम्मा छावनी परिषद के पास है। लेकिन बीते तीन दिन से घरों में बहुत कम पानी सप्लाई हो रहा है। सदर बाजार, नया बाजार, अमोली मुहल्ला, सप्लाई, तहसील कॉलोनी और वीर केसरी मार्केट में लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी संजय जैन, हरमोहन, आनंद, केशर चौहान, अमित अरोड़ा, मनमोहन चौहान, नैन सिंह राणा, संयम जैन, तीर्थ कुकरेजा, दौलत चौहान आदि का कहना है कि दो दिन पूर्व तक क्षेत्र में 15 मिनट तक पानी की सप्लाई हो रही थी, लेकिन शनिवार को पेयजल आपूर्ति भी बंद कर दी गई। लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा हैं। सभासद आनंद राणा ने कहा कि क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति करने वाली लाइन जगह-जगह टूटी हुई है। जिसे ठीक नहीं कराया जा रहा है। उधर, संपर्क करने पर मुख्य अधिशासी अधिकारी जोन्स विकास ने फोन नहीं उठाया।