ब्यूरो/अमर उजाला/डोईवाला।
नगर पालिका डोईवाला के सीमा विस्तार के बाद तैयार की गई मतदाता सूची पांच मार्च तक देखी जा सकती है। मतदाता सूची सोमवार को पालिका परिसर और एसडीएम कार्यालय में चस्पा कर दी जाएगी।
नगर पालिका डोईवाला की सीमा विस्तार में ओबीसी का रैपिड सर्वे के बाद नगर पालिका प्रशासन की ओर से निकाय चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार कर ली गई है। नगर पालिका डोईवाला में सात से बढ़कर 20 वार्ड हो गए हैं। सीमा विस्तार में मारखम ग्रांट प्रथम, लच्छीवाला, घिसरपड़ी, डैशवाला, भानियावाला, कान्हरवाला, विस्थापित अठूरवाला और जौलीग्रांट ग्राम पंचायत को शामिल किया गया है। प्रदेश में आगामी संभावित अप्रैल माह में निकाय चुनाव कराने के लिए शहरी विकास विभाग तेजी से विभिन्न कार्य पूरा करा रहा है। वहीं ओबीसी सर्वे और मतदाता सूची का काम पूरा होने से गहमागहमी भी बढ़ गई है। नगर पालिका डोईवाला के अधिशासी अधिकारी विजय प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि निकाय चुनावों के लिए नगर पालिका की मतदाता सूची तैयार कर ली गई है। मतदाता सूची सोमवार को पालिका परिसर और एसडीएम कार्यालय में चस्पा की जाएगी। इसके बाद पांच मार्च तक नाम दर्ज कराने से लेकर दुरुस्तीकरण का काम किया जाएगा।