ब्यूरो/अमर उजाला/डोईवाला।
हरज्ञानचंद सरस्वती शिशु मंदिर डोईवाला में शनिवार को आयोजित आशीर्वाद समारोह में छात्र-छात्राओं ने बेहतर समाज के निर्माण का संकल्प लिया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने बोर्ड परीक्षार्थियों को टिप्स भी दिए।
ऋषिकेश रोड स्थित हरज्ञान चंद सरस्वती विद्या मंदिर में शनिवार को जूनियर वर्ग के छात्रों की ओर से सीनियर छात्र-छात्राओं के सम्मान में आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि छात्रों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए संघर्ष का जज्बा रखना चाहिए। सफलता के लिए शार्टकट रास्ता नहीं अपनाना चाहिए। लक्ष्यगामी विद्यार्थी ही कामयाबी के पथ पर अग्रसर होते हैं। इसके अलावा उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं के लिए छात्र- छात्राओं को टिप्स भी दिए। विद्यालय प्रबंधन समिति के हेमचंद लोहानी ने कहा कि छात्रों को कॅरियर बनाने के लिए शैक्षणिक योग्यता से लेकर व्यक्तित्व विकास पर भी फोकस करना चाहिए। शिक्षाविद् रोशनलाल अग्रवाल ने बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी से लेकर परीक्षा कक्ष तक सतर्कता बरतने के बारे में जानकारियां दीं। कार्यक्रम में नगर पालिकाध्यक्ष कोमल कन्नौजिया, युकां प्रदेश सचिव विक्रम नेगी, प्रधानाचार्य महेश गुप्ता, मंदीप बजाज, ओमप्रकाश कांबोज, कैलाश मित्तल, आनंद गुप्ता, भारत गुप्ता, ताराचंद अग्रवाल, ईश्वरचंद अग्रवाल, सतेंद्र चौधरी, सुभाष कृषाली आदि मौजूद रहे।