ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने की अफवाह से शनिवार को विभागीय अधिकारी खासे परेशान रहे। इसके साथ ही पर्वतीय रूटों पर आवाजाही करने वाले लोगों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों तक अफवाह सुनकर लगातार पीडब्ल्यूडी नेशनल हाईवे डिवीजन के अधिकारियों को फोन लगाकर हाईवे बंद होने के बाबत जानकारी हासिल करते रहे। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, श्रीनगर के अधिशासी अभियंता ने इसे महज अफवाह बताया है।
शहर में शनिवार दिनभर यह अफवाह तैरती रही कि ऑल वेदर रोड निर्माण के चलते बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग को एक मार्च को बंद किया जा रहा है। इस दौरान चाय की दुकानों से लेकर चौक-चौराहों तक में यह चर्चा आम रही। विभागीय अधिकारी भी इस तरह की चर्चाओं से अनभिज्ञ नहीं रहे। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड श्रीनगर डिवीजन के अधिशासी अभियंता जितेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि कुछ लोगों ने उनसे भी राजमार्ग बंद होने की अफवाह को लेकर संपर्क किया था। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी उनसे राजमार्ग बंद होने से जुड़ी जानकारी मांगी। उन्होंने बताया कि राजमार्ग को इस तरह से बंद नहीं किया जा सकता है। इस तरह की किसी भी गतिविधि में डिवीजन की अहम भूमिका होती है। अभी तक इस तरह के किसी आदेश के जारी होने की जानकारी उन्हें नहीं है। ऑल वेदर रोड के निर्माण में जुटी एजेंसियों ने भी उनसे इस बाबत कोई संपर्क नहीं किया है। अधिशासी अभियंता ने राजमार्ग बंद होने की चर्चा को कोरी अफवाह बताया है और लोगों से इस तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील भी की है।