ब्यूरो/ अमर उजाला, ऋषिकेश
अमर उजाला फाउंडेशन और लायंस क्लब ऋषिकेश देवभूमि की ओर से हिमालयन अस्पताल ब्लड बैंक के सहयोग से शुक्रवार को नगर निगम में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 77 लोगों ने रक्तदान किया।
नगर निगम परिसर स्थित स्व. इंद्रमणी बडोनी सभागार में आयोजित शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि इंसान को रक्तदान की कीमत का अहसास तब होता है, जब उसे अपने परिवार के किसी सदस्य का जीवन बचाने के लिए रक्त की जरूरत पड़ती है। उन्होंने युवा वर्ग से आगे आकर दूसरों के जीवन की सुरक्षा को रक्तदान करने का आह्वान किया। स्व. गोविंद लाल नारंग की स्मृति में आयोजित रक्तदान शिविर में क्लब के चार्टर अध्यक्ष गोपाल नारंग ने बताया कि स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 132 लोग महादान के लिए पहुंचे। चिकित्सकीय परीक्षण में 55 लोगों में हीमोग्लोबिन की कमी व कम वजन पाया गया। हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट के ब्लड बैंक विभाग के इंचार्ज डा. आशीष जैन ने बताया कि शिविर में 77 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस दौरान लोगों ने अमर उजाला फाउंडेशन व लायंस क्लब ऋषिकेश देवभूमि के सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों की सराहना की। इस मौके पर क्लब के अध्यक्ष विशाल बिंदल, विनय भाटिया, मनीष गोगिया, एम्स संस्थान के डा. रवि कांत, पीजी ऑटोनामस कॉलेज के प्राचार्य एनपी माहेश्वरी, सफिया, अंशु शर्मा, डा. जीके ढींगड़ा, हिमालयन अस्पताल के पीआरओ गौरव रावत, डा. आकृति, डा. रोहिनी गर्ग, केविन जॉर्ज, कविता, राजकुमार अग्रवाल, हरीशानंद, रामशरण, नवल कपूर, इंद्र कुमार गोदवानी, राकेश, ऊषा नारंग, मोनिका आदि मौजूद थे।
.........................
युवाओं में दिखा उत्साह
...............
मैंने पहली बार रक्तदान किया है। मेरा रक्त किसी जरूरतमंद के काम आए मेरे लिए गर्व की बात है।
- पल्लवी बैलवाल, छात्रा
मैंने पहली बार रक्तदान किया है। रक्तदान करने का यह पहला एहसास मेरे लिए जीवन के यादगार लम्हों में से एक होगा। रक्तदान करके अच्छा महसूस कर रहा हूं। - आयुष वत्स, छात्र
मैंने पहली बार रक्तदान किया है। मेरा खून किसी की जान बचाने के काम में आ रहा है, यह मेरे लिए गर्व की बात है।
- रासिका दीप गौड़, छात्रा
मैं अब तक 12 बार रक्तदान कर चुका हूं। रक्तदान करने को लेकर बहुत सी भ्रांतियां हैं, रक्तदान करने से कोई कमजोरी नहीं आती है। रक्तदान से बीमारी होने का खतरा कम हो जाता है। - विशाल बिंदल, ऋषिकेश निवासी